हाथरस (मुरसान) 27 जून । थाना मुरसान क्षेत्र के गांव महामौनी निवासी एक व्यक्ति ने गांव के ही युवक पर उसके भाई को कथित रूप से शराब पिलाकर बेहोश करने तथा उसकी बुलेट मोटरसाइकिल और नकदी लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित भूरा ने थाना मुरसान में दी गई तहरीर में बताया कि 9 जून को उसका भाई नहना अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव निवासी जीतेंद्र ने उसे शराब पिला दी। अधिक नशे की हालत में जब नहना अचेत हो गया, तो आरोपित कथित रूप से उसे वहीं छोड़कर उसकी बुलेट मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि बाइक की डिग्गी में रखी नकदी भी आरोपित अपने साथ ले गया। घटना के बाद परिजनों ने मोटरसाइकिल की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद 25 जून को भूरा ने थाना मुरसान पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और बुलेट मोटरसाइकिल एवं नकदी बरामद कराने की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है तथा पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
























