
हाथरस 27 जून । जिले में उर्वरकों की बिक्री में अनियमितताओं पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगला सकत स्थित मैसर्स विपिन खाद भंडार पर छापेमारी की। जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर फर्म का उर्वरक प्राधिकार पत्र (लाइसेंस) तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही दुकान पर उर्वरकों की खरीद-बिक्री पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिला कृषि अधिकारी को कंट्रोल रूम के माध्यम से इस खाद भंडार के संबंध में गोपनीय शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर 24 जून को वरिष्ठ प्राविधिक सहायक एवं उर्वरक निरीक्षक राहुल प्रताप सिंह ने दुकान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकान पर स्टॉक बोर्ड, रेट बोर्ड, बिक्री एवं स्टॉक पंजिका तथा कैश मेमो जैसी अनिवार्य अभिलेख उपलब्ध नहीं मिले। जांच में स्टॉक से संबंधित गंभीर विसंगतियां भी सामने आईं।
पॉस मशीन के रिकॉर्ड में डीएपी खाद के 411 बैग उपलब्ध दर्शाए गए थे, जबकि मौके पर भौतिक सत्यापन में डीएपी का एक भी बैग नहीं मिला। वहीं दुकान पर 250 बैग यूरिया भौतिक रूप से मौजूद पाए गए, जबकि पॉस मशीन में यूरिया का स्टॉक शून्य दर्ज था। इसके अलावा गोदाम में भंडारित यूरिया की चौहद्दी का अंकन भी उर्वरक प्राधिकार पत्र में दर्ज नहीं पाया गया, जो नियमों का उल्लंघन है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर फर्म का उर्वरक प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिया गया है तथा मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
























