
हाथरस 25 जून। जिलाधिकारी अतुल वत्स के निर्देशों के क्रम में जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा अभियोजन कार्यों की समीक्षा के लिए नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर मैकेनिज्म (NCORD) समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चंद्र की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने गुण्डा एक्ट एवं गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामलों में प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाई जा सके। उन्होंने विभिन्न धाराओं के अंतर्गत लंबित मामलों, गुण्डा एक्ट तथा महिला अपराधों की समीक्षा करते हुए अभियोजन अधिकारियों को गंभीर मामलों में रिहा हुए वादों की विवेचना कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियोजन कार्यों के प्रभावी एवं पारदर्शी निष्पादन से न्यायिक प्रक्रिया को गति मिलेगी। साथ ही निर्देश दिए कि हत्या, अपहरण, बलात्कार सहित महिलाओं से संबंधित गंभीर मुकदमों का अलग चार्ट तैयार किया जाए तथा न्यायालयों में इन मामलों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देशित किया गया कि जनपद में नियमित रूप से सघन जांच अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच कराई जाए और मिलावट पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने जिला आबकारी अधिकारी को अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, बिक्री एवं सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ शासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे जनपद में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे तथा आमजन को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने एआरएम रोडवेज को निर्देशित किया कि बस संचालक यात्रियों को केवल निर्धारित स्थलों पर ही उतारें, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


























