
हाथरस 24 जून। आगामी राष्ट्रीय पल्स पोलियो एनआईडी अभियान के सफल संचालन एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने जनपद स्तरीय जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में हाथरस नगरीय क्षेत्र की एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से प्रारंभ होकर मोहनगंज, घंटाघर, बैनीगंज, रामलीला मैदान, पंजाबी मार्केट एवं तालाब चौराहा होते हुए पुनः सीएमओ कार्यालय पहुंचकर सम्पन्न हुई। रैली के माध्यम से लोगों को 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 28 जून से 6 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत जनपद में 771 पोलियो बूथ एवं ट्रांजिट बूथों के माध्यम से 0 से 5 वर्ष तक के 2,73,083 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि जो बच्चे बूथ दिवस पर पोलियो की खुराक से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 514 हाउस-टू-हाउस टीमें घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान की निगरानी के लिए 173 पर्यवेक्षक, 32 सेक्टर चिकित्सा अधिकारी एवं 8 जनपद स्तरीय अधिकारी तैनात किए गए हैं, ताकि प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाई जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सहयोगी विभागों से सभी पोलियो बूथों को प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित करने तथा बूथों पर स्वच्छता एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लाकर पोलियो की दो बूंद जीवन की पिलाएं और इस अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग दें। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एन. सिंह, डॉ. प्रवीण भारती, डीपीएम बलवीर सिंह वर्मा, डीसीपीएम धर्मेंद्र कुमार, एआरओ विक्रांत किशोर, अर्बन हेल्थ कॉर्डिनेटर पुष्पेंद्र वीर सिंह, फार्मासिस्ट पवन कुमार, कंप्यूटर सहायक अरविंद चौहान, महीपाल सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






















