
हाथरस 25 जून । भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने विद्यालयों के समय में परिवर्तन की मांग उठाई है। इस संबंध में संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नवागत बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी का सबसे अधिक प्रभाव विद्यालयों में अध्ययनरत छोटे बच्चों पर पड़ रहा है। अत्यधिक तापमान के कारण बच्चों को विद्यालय में बैठकर पढ़ाई करने में कठिनाई हो रही है। कई छात्र-छात्राओं को डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है। शिक्षक संघ ने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती की समस्या भी लगातार बनी हुई है। बिजली न होने के कारण विद्यालयों में लगे पंखे नहीं चल पाते, जिससे कक्षाओं में अत्यधिक गर्मी हो जाती है। ऐसे हालात में बच्चों के लिए कमरों में बैठकर अध्ययन करना बेहद असहनीय हो रहा है। जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने मांग करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों का समय प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया जाए। इससे बच्चे दोपहर की तीखी धूप और लू के प्रभाव से बच सकेंगे तथा सुरक्षित रूप से शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। इस दौरान शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने बीएसए से मांग पर सकारात्मक विचार करने और शीघ्र निर्णय लेने का अनुरोध किया। ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के अध्यक्ष मंडल, यतेन्द्र कुमार पाठक जिला कोषाध्यक्ष, विजयवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।


























