
हाथरस 22 जून। लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 23 जून के अपने सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। मुख्यमंत्री को मंगलवार को हाथरस में 548 करोड़ रुपये की लागत वाली 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करना था। इसके अलावा उन्हें सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा को भी संबोधित करना था। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री का आगरा जाकर विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेने का भी कार्यक्रम निर्धारित था।
गौरतलब है कि जिस समय लखनऊ में यह दुखद अग्निकांड हुआ, उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने अपना कार्यक्रम बीच में ही समाप्त कर दिया और तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री सीधे अलीगंज स्थित अग्निकांड स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) पहुंचकर घायल बच्चों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उनके बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
हाथरस में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत 548 करोड़ रुपये की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास होना था। इन परियोजनाओं को जिले के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सोमवार रात्रि अलीगढ़ में प्रवास करने के बाद मंगलवार को हाथरस पहुंचने वाले थे। यहां कार्यक्रम संपन्न करने के पश्चात उन्हें आगरा रवाना होना था, लेकिन लखनऊ अग्निकांड के कारण उनका पूरा कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित सभा स्थल पर मंच निर्माण, हेलीपैड और अन्य व्यवस्थाओं का कार्य अंतिम चरण में था। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी।
दौरा रद्द होने की सूचना

























