
हाथरस 22 जून । शहर के चामड़ गेट चौराहे पर रविवार शाम ड्यूटी पर तैनात एक यातायात सिपाही का मोबाइल फोन छीनकर कुछ युवक फरार हो गए। बताया जा रहा है कि युवक ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर उनकी फोटो खींचे जाने से नाराज थे। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 4:15 बजे चामड़ गेट चौराहे पर यातायात सिपाही मोहन सिंह ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उन्होंने जलेसर रोड की ओर से आ रहे पांच युवकों को दो बाइकों पर सवार देखा। युवक यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे थे, जिस पर सिपाही ने चालान की कार्रवाई के लिए अपने मोबाइल फोन से उनकी फोटो खींच ली।
आरोप है कि फोटो खींचे जाने से नाराज युवक कुछ देर बाद वापस लौटे और सिपाही के हाथ से मोबाइल फोन झपटकर नई धर्मशाला रोड होते हुए आगरा रोड की ओर भाग निकले। सिपाही ने एक राहगीर की मदद से उनका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। बताया गया है कि भागने के दौरान आरोपियों ने मोबाइल फोन से खींची गई तस्वीरें डिलीट कर दीं। बाद में उन्होंने एक अज्ञात स्कूटी सवार को मोबाइल सौंपते हुए पुलिसकर्मी तक पहुंचाने के लिए कहा। इसके बाद मोबाइल वापस मिल गया। घटना से पहले सिपाही मोहन सिंह आरोपियों की बाइकों के नंबर नोट कर चुके थे। प्रारंभिक जांच में दोनों बाइकें गंगचौली गांव की बताई जा रही हैं। सूचना मिलते ही चामड़ गेट चौकी पुलिस सक्रिय हो गई और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर हिमांशु माथुर ने बताया कि बाइक नंबरों के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

























