
हाथरस 22 जून । शहर में एक प्लाट पर निर्माण कार्य को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। जोगिया निवासी एक व्यक्ति ने कुछ लोगों पर निर्माण कार्य रुकवाने, हवाई फायरिंग करने, तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जोगिया निवासी देवेंद्र सिंह के अनुसार वह उपजिलाधिकारी सदर के आदेश के अनुपालन में अपने प्लाट पर निर्माण कार्य करा रहे थे। आरोप है कि 18 जून की सुबह कुछ लोग मौके पर पहुंचे और मजदूरों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें वहां से भगा दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने एकराय होकर हवाई फायरिंग की तथा उन्हें जान से मारने और अपहरण करने की धमकी दी। साथ ही निर्माणाधीन कार्य में तोड़फोड़ कर नुकसान भी पहुंचाया गया। देवेंद्र सिंह ने बताया कि इसी प्लाट पर निर्माण कार्य में बाधा डालने के आरोप में पूर्व में भी संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक थाना हाथरस गेट ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

























