
हाथरस 22 जून । थाना क्षेत्र के गांव जोगिया में आज दोपहर एक दर्दनाक हादसे में कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार गांव जोगिया निवासी पंकज का पांच वर्षीय पुत्र सार्थक घर में लगे कूलर के पास खेल रहा था। इसी दौरान अचानक कूलर में करंट उतर आया और मासूम उसकी चपेट में आ गया। बच्चे को करंट लगते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर बच्चे को कूलर से अलग किया और उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद सार्थक को मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि सार्थक अपने माता-पिता के साथ गांव जोगिया स्थित अपनी ननिहाल में रहता था। वह परिवार का इकलौता पुत्र था। मासूम की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही बच्चे के शव को अपने साथ घर ले गए।

























