हाथरस 22 जून । नीट परीक्षा में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं, पेपर लीक की घटनाओं, शिक्षा व्यवस्था की खामियों तथा छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर 23 जून को मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने की घोषणा के बाद शनिवार को कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कासगंज कोऑर्डिनेटर चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य को प्रशासन द्वारा कोतवाली बुलाया गया। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कोतवाली पहुंच गए।
कोतवाली पहुंचने पर चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार युवाओं, छात्रों, बेरोजगारों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठा रहे हैं। उसी क्रम में कांग्रेसजन छात्रों की आवाज प्रदेश सरकार तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 23 जून को प्रदेश के सभी जिलों में छात्रों के हितों, नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं, पेपर लीक की घटनाओं तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रेस वार्ताएं और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हाथरस में भी मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि कांग्रेसजन पूरी तरह गांधीवादी, लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज उठाना अपराध नहीं है और छात्रों के भविष्य के लिए संघर्ष करना कांग्रेस का दायित्व है। उन्होंने प्रशासन से भी लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करने की अपेक्षा जताई। जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य को कोतवाली बुलाए जाने की जानकारी मिली, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव जितेन्द्र गौतम एडवोकेट, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सदस्य बीना गुप्ता एडवोकेट, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्णा गुप्ता, शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव पंडित अविनाश चन्द्र पचौरी, महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष आमना बेगम, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश सचिव ठाकुर आकाश सिंह, सोशल मीडिया के पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल नरूला, पिछड़ा वर्ग विभाग के शहर अध्यक्ष विष्णु कुमार, मोहम्मद तौसीफ, मोहम्मद चांद सहित अनेक कांग्रेसजन तत्काल कोतवाली पहुंच गए और अपना समर्थन व्यक्त किया।
बाद में कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने का कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा। इसके पश्चात चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य अपने कैंप कार्यालय राधा कृष्ण कृपा भवन, आगरा रोड पहुंचे, जहां कांग्रेसजनों के साथ बैठक कर ज्ञापन की अंतिम रूपरेखा, रणनीति और कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि नीट पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से ज्ञापन में शामिल किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह अभियान किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चलाया जा रहा है।

























