Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 जून । सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। योग दिवस के अवसर पर विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने जिला स्तरीय समारोह में प्रतिभाग कर जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। कैडेट्स ने योगाभ्यास के माध्यम से अनुशासन, स्वास्थ्य और राष्ट्र निर्माण के संदेश को आत्मसात किया। विद्यालय के बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित विशेष योग सत्र का संचालन शारीरिक शिक्षा शिक्षक आशीष मोहम्मद द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा शारीरिक व्यायामों का अभ्यास कराया तथा योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में आर्ट ऑफ लिविंग की शिक्षिका श्रीमती रीता बनर्जी उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों को प्राणायाम, ध्यान (मेडिटेशन) एवं विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। साथ ही योग एवं ध्यान के माध्यम से तनावमुक्त, स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती बबीता सेठ ने अपने संदेश में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ तन, शांत मन और संतुलित जीवन का मार्ग है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने योग के महत्व को समझते हुए नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। यह आयोजन विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं स्वास्थ्यवर्धक सिद्ध हुआ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यालय परिसर में स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण निर्मित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page