Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 जून । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दून पब्लिक स्कूल, हाथरस में विद्यालय के प्रधानाचार्य जे.के. अग्रवाल के नेतृत्व में भव्य योगाभ्यास एवं ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। “शांति से सांस लें, तनाव को दूर करें और योग के साथ जीवन का उत्सव मनाएं” की भावना के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रातः 6:30 बजे से 8:30 बजे तक आयोजित इस विशेष योग सत्र का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षक रॉबिन वार्ष्णेय द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को योग के महत्व से अवगत कराते हुए विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं श्वास तकनीकों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का भी विकास करता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा ध्यान की विभिन्न विधियों का अभ्यास किया। पूरे परिसर में अनुशासन, शांति एवं सकारात्मकता का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक विशेष सेवा अभियान भी संचालित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने जनपद स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां निवासरत वरिष्ठ नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया। योग सत्र के उपरांत वृद्धजनों को आम, केले एवं फ्रूटी वितरित की गई। विद्यालय परिवार की इस संवेदनशील पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। प्रधानाचार्य जेके अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो आज संपूर्ण विश्व को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का मार्ग दिखा रही है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवनशैली है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया, ताकि वे शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त एवं नैतिक रूप से जागरूक नागरिक बन सकें। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को स्वास्थ्य, सेवा, संस्कार एवं सामाजिक जागरूकता का अनुपम संगम बताते हुए इसकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। योग, ध्यान एवं सेवा भावना से ओत-प्रोत यह आयोजन दून पब्लिक स्कूल की शिक्षा के साथ-साथ संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page