Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 जून । 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga For Healthy Ageing” के अंतर्गत जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल तथा विशिष्ट अतिथि विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धनवंतरी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का बुके भेंट कर स्वागत किया गया।

गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल ने अपने संबोधन में योग, गौ संरक्षण एवं जैविक खेती के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि आज पूरा विश्व भारत की प्राचीन योग परंपरा को अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने, गोबर आधारित ऊर्जा के उपयोग तथा प्रत्येक परिवार द्वारा गौ सेवा को अपनाने का आह्वान किया। सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में योग का अभ्यास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की वैज्ञानिक पद्धति है और प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री के संदेश का उल्लेख करते हुए भोजन में तेल की मात्रा कम करने का भी आह्वान किया।

विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक विकास एवं पारिवारिक संस्कारों को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने युवाओं को जंक फूड से दूर रहकर पौष्टिक आहार, फलों तथा प्राकृतिक पेय पदार्थों को अपनाने की सलाह दी। साथ ही श्री अन्न (मिलेट्स) के उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन और आत्मिक शक्ति प्रदान करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है और आत्ममंथन का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने बच्चों एवं युवाओं को जंक फूड के स्थान पर पौष्टिक भोजन तथा मोटे अनाजों को अपने आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।

योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा “करें योग, रहें निरोग” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। योग दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी प्रदर्शित किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने देखा और सुना। कार्यक्रम के अंत में योगाचार्यों एवं उनकी टीम को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा जनप्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी, आयुष विभाग के अधिकारी, योग प्रशिक्षक, विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार एवं छायाकार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Next News :-मथुरा : केडी. हॉस्पिटल में अत्याधुनिक 32-चैनल ईईजी मशीन का शुभारम्भ, मिर्गी एवं मस्तिष्क रोगों के सटीक और शीघ्र निदान में मिलेगी मदद

For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page