सिकन्दराराऊ 20 जून । नगर के विभिन्न मोहल्लों में लंबे समय से बनी जलभराव एवं गंदगी की समस्या के समाधान की मांग को लेकर भाजपा जिला कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता, सेक्रेटरी सिंह यादव एवं नेम सिंह जाटव के नेतृत्व में समाजसेवियों ने उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि नगरपालिका परिषद सिकंदराराऊ के अंतर्गत पूर्वी नौरंगाबाद, दमदपुरा, नई कॉलोनी, कृष्णा विहार कॉलोनी सहित कई मोहल्लों में जीटी रोड से रेलवे स्टेशन रोड तक शहर का गंदा पानी तीन से पांच फीट तक भरा रहता है। साथ ही शहर का कूड़ा-कचरा एवं अन्य गंदगी डाले जाने से क्षेत्र का वातावरण प्रदूषित हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समाजसेवियों का कहना है कि इन क्षेत्रों में पूरे वर्ष जलभराव और गंदगी की स्थिति बनी रहती है। बरसात के मौसम में मोहल्लों के अंदर लगभग दो फीट तक गंदा पानी महीनों तक जमा रहता है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में सैकड़ों शिकायतें किए जाने के बावजूद नगरपालिका परिषद द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि रेलवे स्टेशन मार्ग पर जलभराव एवं गंदगी के कारण प्रतिदिन आने-जाने वाले हजारों यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में फैली दुर्गंध और अस्वच्छ वातावरण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है।
समाजसेवियों ने उपजिलाधिकारी से मांग की कि क्षेत्र में स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराई जाए, कूड़ा-कचरा डालने पर रोक लगाई जाए तथा प्रभावित मोहल्लों को जलभराव और गंदगी की समस्या से जल्द से जल्द निजात दिलाई जाए। उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।






















