Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 जून । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 जून को हाथरस दौरे पर आएंगे और जनपद में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन की पुष्टि जिलाधिकारी अतुल वत्स ने की है। मुख्यमंत्री के दौरे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुट गया है और कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। अब, इस क्षत्रिय बहुल क्षेत्र से सीएम योगी ‘मिशन 2027’ की जीत का बिगुल फूकेंगे। लेकिन ये सिर्फ राजनीति नहीं, विकास की भी बड़ी उड़ान है। यूपीसीडा यहाँ एक नया ‘औद्योगिक क्षेत्र’ विकसित कर रहा है। इसी इंडस्ट्रियल हब की ज़मीन से सीएम योगी स्थानीय उद्योगों और रोज़गार की नई सौगात देंगे। रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है।

मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर में स्थल चिन्हित किया गया है। तैयारियों का जायजा लेने के लिए अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह ने आज प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने हेलीपैड, पंडाल, मंच, वीआईपी एवं आमजन की बैठक व्यवस्था, मीडिया दीर्घा, पार्किंग स्थल, यातायात प्रबंधन, बैरीकेटिंग तथा प्रवेश एवं निकास मार्गों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण की जाएं। मंडलायुक्त संगीता सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तैयारियों को समय पर पूरा करें। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, छाया, पेयजल, चिकित्सा टीम एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा एवं आवागमन की व्यवस्थाओं को मजबूत रखने, साफ-सफाई, बैरीकेटिंग, पार्किंग व्यवस्था, वीआईपी एवं आमजन के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मंडलायुक्त को अवगत कराया कि सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार तैयारियां कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि हेलीपैड, मंच, पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएंगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सासनी, मुख्य चिकित्साधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Next News :-मथुरा : केडी. हॉस्पिटल में अत्याधुनिक 32-चैनल ईईजी मशीन का शुभारम्भ, मिर्गी एवं मस्तिष्क रोगों के सटीक और शीघ्र निदान में मिलेगी मदद

For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page