
हाथरस 19 जून । राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET (UG)-2026 री-एग्जामिनेशन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, नकलविहीन एवं शुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समिति, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र अधीक्षकों एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VTAS ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता, विश्वसनीयता और शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की पवित्रता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता और जवाबदेही के साथ करें तथा परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्ति तक प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता, नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा परीक्षा की गोपनीयता भंग करने के प्रयास पर तत्काल कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को समय से केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया।
डीएम ने निर्देशित किया कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, फ्रिस्किंग, अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन एवं अन्य निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। साथ ही परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कक्षों में ही पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी अभ्यर्थी का अनावश्यक समय व्यर्थ न हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने जानकारी दी कि NEET (UG)-2026 की परीक्षा 21 जून को जनपद के 4 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा एक पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 2 बजे से 6:15 बजे तक आयोजित होगी।
जनपद में कुल 1188 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें सरस्वती इंटर कॉलेज, आगरा रोड पर 228, बागला डिग्री कॉलेज पर 360, अकूर इंटर कॉलेज, अलीगढ़ रोड पर 360 तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, हाथरस में 240 परीक्षार्थियों को आवंटित किया गया है। परीक्षा को निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी चार केंद्रों पर कुल 8 स्टेटिक मजिस्ट्रेट (प्रति केंद्र 2), 4 सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त आवश्यकतानुसार कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति भी सुनिश्चित कर दी गई है।
























