Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 जून । थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित बसंत बाग कॉलोनी में सोमवार तड़के एक मकान की पहली मंजिल पर रखी सोलर पैनल की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड की कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बसंत बाग कॉलोनी निवासी गिरधर गोपाल वार्ष्णेय के मकान में लगे सोलर पैनल की बैटरी में आज तड़के करीब एक बजे शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे बैटरी में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं और आसपास धुआं फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का कार्य शुरू किया और कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी के चलते आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा नुकसान होने से बच गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन सोलर बैटरी और उसके आसपास रखा कुछ सामान आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पुलिस और फायर विभाग ने लोगों से विद्युत उपकरणों तथा सोलर बैटरियों के नियमित रखरखाव और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। स्थानीय लोगों ने भी फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मदद मिलने से बड़ा हादसा होने से बच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page