
हाथरस 16 जून । चर्चित सोनू हत्याकांड में हाथरस पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जिला कारागार अलीगढ़ में निरुद्ध दो आरोपितों को पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) पर लेकर उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तीन बेसबॉल के लकड़ी के डंडे और दो लोहे के पाइप बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 13 अप्रैल 2026 को नीतू शर्मा पत्नी मुकेश कुमार शर्मा निवासी जीवनी मंडी, थाना छत्ता, जनपद आगरा ने थाना सहपऊ में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके भाई वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू निवासी गली जै राधे, दिल्ली वाला मोहल्ला, कोतवाली नगर हाथरस की मकान विवाद को लेकर हत्या कर दी गई है। प्रारंभ में मामला थाना सहपऊ में दर्ज हुआ, लेकिन विवेचना के दौरान घटनास्थल कोतवाली नगर क्षेत्र का पाए जाने पर मुकदमे को हाथरस कोतवाली नगर में स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी एवं साक्ष्य बरामदगी के निर्देश दिए थे। पुलिस द्वारा पूर्व में इस हत्याकांड में शामिल 15 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं मामले के दो अन्य आरोपित कमल शर्मा और गौरव शर्मा ने दिल्ली में आत्मसमर्पण किया था। न्यायालय के आदेश पर 16 जून को दोनों आरोपितों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तीन बेसबॉल के लकड़ी के डंडे तथा दो लोहे के पाइप बरामद किए गए। पुलिस ने बरामदगी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपित कमल शर्मा पर हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गौरव शर्मा के विरुद्ध भी विभिन्न धाराओं में चार आपराधिक मामले पंजीकृत हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हत्याकांड में हुई इस बरामदगी को जांच की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।






















