
हाथरस 16 जून । थाना जंक्शन क्षेत्र के गांव रतनगढ़ी में एक शादी समारोह के दौरान कथित अभद्रता का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने युवती के परिजनों पर लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और चेन से हमला कर दिया, जिसमें एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं बीच-बचाव करने आए युवक के ई-रिक्शा में भी तोड़फोड़ की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव रतनगढ़ी निवासी शौकत अली मलिक पुत्र शेरखां ने थाना जंक्शन पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 जून 2026 की शाम वह पड़ोस में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल थे। आरोप है कि समारोह के दौरान कुछ लोगों ने उनकी भतीजी अन्नु मलिक के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जब परिजनों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। पीड़ित पक्ष के अनुसार अन्नु को बचाने पहुंचे भतीजे अनस पर भी आरोपितों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और कांटेदार चेन से मारपीट की, जिससे अन्नु मलिक के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। बताया गया कि बीच-बचाव करने आए इरफान पुत्र अलाह नूर के साथ भी मारपीट और गाली-गलौज की गई। इतना ही नहीं, आरोपितों ने बाहर खड़े इरफान के ई-रिक्शा में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना का वीडियो भी उपलब्ध है, जो पूरे घटनाक्रम का साक्ष्य है। वहीं परिवार ने आरोपितों से जान-माल के खतरे की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग की है। पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। जांच के उपरांत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






















