Hamara Hathras

Latest News

हाथर 16 जून । सदर कोतवाली क्षेत्र के नगला टीका में सोमवार देर शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब दूध में गिरी छिपकली की वजह से एक ही परिवार के चार सदस्य फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार होने पर घर भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार नगला टीका निवासी मलखान सिंह प्लास्टिक कारोबार से जुड़े हुए हैं। सोमवार शाम उनकी पत्नी नीरज देवी रसोई में दूध गर्म कर रही थीं। इसी दौरान कथित रूप से दूध में एक छिपकली गिर गई, जिसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं हो सकी।

बाद में परिवार के चार सदस्यों ने वही दूध पी लिया। दूध पीने वालों में मलखान सिंह, उनकी पत्नी नीरज देवी, पुत्री शीतल कुमारी और पुत्र अनमोल शामिल हैं। दूध पीने के कुछ समय बाद ही चारों को उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई तथा उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों और पड़ोसियों को जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से चारों की हालत में तेजी से सुधार हुआ और स्थिति सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार छिपकली के शरीर में मौजूद कुछ विषैले तत्व खाद्य पदार्थों में मिल जाने पर फूड पॉइजनिंग जैसी समस्या उत्पन्न हो सकती है। डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि खाने-पीने की वस्तुओं को हमेशा ढककर रखें तथा सेवन से पहले उनकी सावधानीपूर्वक जांच अवश्य कर लें। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल रहा, हालांकि समय रहते उपचार मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page