Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 जून । केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक उपलक्ष्य में विकास खंड मुख्यालय पर सभी शासकीय विभागों द्वारा एक विशाल विकास प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें योजनाओं से सीधे जोड़ना रहा। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी पी. एन. दीक्षित ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही सरकार की प्राथमिकता है। प्रदर्शनी में कृषि, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, शिक्षा, बाल विकास एवं ग्राम्य विकास सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। स्टॉलों पर विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों का मार्गदर्शन भी किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की नीतियां जन-जन के उत्थान और विकास के लिए समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति को तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं योजनाओं का लाभ उठाने के साथ-साथ अपने परिजनों, मित्रों और ग्रामीणों को भी इनके बारे में जागरूक करें। प्रदर्शनी में मौके पर ही ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण, आयुष्मान कार्ड निर्माण, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) संबंधी परामर्श तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं के आवेदनों की जांच एवं संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ प्राप्त किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के दौरान जिन महिलाओं में खून की कमी (एनीमिया) पाई गई, उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यकता अनुसार आयरन सुक्रोज उपचार के लिए निर्देशित किया गया। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में विकास प्रदर्शनी में पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page