
हाथरस 14 जून । आगामी बल्देव छठ से प्रारंभ होने वाले ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं जनमानस की आस्था के प्रतीक 115वें राजकीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के भव्य, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन के दृष्टिगत जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VTAS एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मेला परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मेला परिसर, परिक्रमा मार्ग, पार्किंग स्थलों, प्रवेश एवं निकास मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए समयबद्ध ढंग से सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि मेले के आयोजन में अभी पर्याप्त समय शेष है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय सीमा में तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों के अनुभवों एवं प्राप्त सुझावों को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष मेले को और अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्री दाऊजी महाराज मेला केवल जनपद ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसके सफल आयोजन के लिए सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और मेले का आयोजन गरिमामय एवं यादगार बन सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी पुलिस, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हाथरस सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


























