
हाथरस 14 जून । आयोग द्वारा राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता (पुरुष/महिला) भर्ती हेतु आयोजित प्रारंभिक परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VTAS एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने रामबाग इंटर कॉलेज तथा बागला डिग्री कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम एवं स्ट्रांग रूम का गहन निरीक्षण किया तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों में चल रही परीक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, निगरानी व्यवस्था एवं परीक्षा संचालन की प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि जनपद में कुल 08 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। सभी केन्द्रों पर शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराया गया है। परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है, जिससे परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी पुलिस, संबंधित केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


























