Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 जून । विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर बागला संयुक्त जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ अनुप प्रधान वाल्मीकि, अतुल वत्स एवं चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को सांसद, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके इस मानवीय योगदान की सराहना की गई। इस अवसर पर सांसद अनुप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने कहा कि विश्व रक्तदान दिवस समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है और युवाओं को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने रक्तदाताओं के उत्साह और समाजसेवा की भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता एवं मानवीय संवेदनाओं को मजबूत बनाते हैं। साथ ही उन्होंने आमजन से नियमित रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है जिससे अनेक लोगों को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने युवाओं से समय-समय पर रक्तदान कर समाज सेवा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। वहीं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सकगण, वेंकटेश्वर समिति द्वारा संचालित “नेकी की दुकान” पहल के प्रतिनिधि तथा जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस एवं जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस हाईटेक के सदस्य उपस्थित रहे। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर आयोजित इस शिविर ने लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समाज में सेवा और मानवता का संदेश भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page