
हाथरस 11 जून । जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गृह क्लेश के चलते दो युवकों द्वारा विषाक्त पदार्थ खाने के मामले सामने आए हैं। दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार होने पर चिकित्सकों ने घर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली सासनी क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय युवक ने बुधवार देर शाम घरेलू विवाद के चलते विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। वहीं दूसरी घटना कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के एक गांव की है, जहां 30 वर्षीय युवक ने गृह क्लेश के चलते विषाक्त पदार्थ खा लिया। परिजन उसे भी उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद उसकी हालत में सुधार हो गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों युवकों की स्थिति अब सामान्य है और उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है।




















