Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 11 जून । महिला थाना में गांव पीहरा, थाना सहपऊ निवासी एक विवाहिता ने अपने पति, सास-ससुर, ननदों, देवर तथा ननदोई के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की कोशिश के आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 8 जुलाई 2022 को मथुरा जनपद के थाना क्षेत्र नरहोली निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। विवाहिता का कहना है कि उसका पति कई महिलाओं के साथ संबंध रखता है और उनके वीडियो दिखाकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी तथा जान से मारने की धमकी दी जाती थी। महिला ने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण में सास, ससुर, ननदें और देवर भी पति का सहयोग करते थे। इसके अलावा ननदोई और उसके भाई पर घर आकर छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और जान से मारने का प्रयास भी किया गया, जिसके बाद वह अपनी जान बचाकर मायके आ गई। विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उसके पति ने उसके खिलाफ लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page