Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 11 जून । पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी आलोक राजोरिया को पदोन्नत कर इंस्पेक्टर जनरल (आईजी) लीगल नियुक्त किए जाने पर उनके गृह नगर सादाबाद में भव्य स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों, शुभचिंतकों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया। आलोक राजोरिया अपनी प्रशासनिक दक्षता, ईमानदार कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते हैं। पदोन्नति से पूर्व वह पश्चिम बंगाल में डीआईजी आईबी, कोलकाता के पद पर कार्यरत थे। सादाबाद में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान उन्हें पटका पहनाकर सम्मानित किया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस अवसर पर लोगों ने पुष्पगुच्छ देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भाजपा नेता प्रभात पचौरी ने कहा कि आलोक राजोरिया की उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जिससे पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। वहीं योगेश शरण शर्मा ‘गुरुजी’ ने कहा कि सादाबाद जैसे कस्बे से निकलकर देश के महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों तक पहुंचना समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। शिक्षक अमरीश अग्रवाल और अनिल कुमार गोस्वामी ने भी आलोक राजोरिया को बधाई देते हुए इसे पूरे सादाबाद क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया। समारोह में उपस्थित लोगों ने उनकी कार्यशैली और व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता यह सिद्ध करती है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों द्वारा आलोक राजोरिया को शुभकामनाएं देने और सम्मानित करने के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page