Hamara Hathras

Latest News

प्रयागराज । शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने विज्ञापन संख्या-51 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के 33 विषयों में कुल 910 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार (इंटरव्यू) का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 18 और 19 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम 9 जून 2026 को घोषित किया गया। लिखित परीक्षा में सफल घोषित 3,155 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 21 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक आयोग द्वारा निर्धारित तिथियों पर आयोजित किए जाएंगे।

आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 21 जुलाई को अर्थशास्त्र, 22 जुलाई को वनस्पति विज्ञान एवं दर्शनशास्त्र, 23 जुलाई को रसायन विज्ञान तथा 24 जुलाई को अंग्रेजी विषय के अभ्यर्थियों का इंटरव्यू होगा। इसके बाद 28 जुलाई को कृषि अर्थशास्त्र, मानव विज्ञान एवं भूगोल, 29 जुलाई को भौतिक विज्ञान एवं मनोविज्ञान, 30 जुलाई को चित्रकला, संस्कृत एवं उर्दू तथा 31 जुलाई को प्राचीन इतिहास, सैन्य विज्ञान एवं संगीत (गायन) विषयों के साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में 4 अगस्त को शिक्षाशास्त्र एवं इतिहास, 5 अगस्त को पशुपालन एवं दुग्ध विज्ञान, संगीत (तबला), शारीरिक शिक्षा एवं जंतु विज्ञान, 6 अगस्त को विधि एवं राजनीति विज्ञान, 7 अगस्त को गणित एवं हिंदी, 11 अगस्त को हिंदी, 12 अगस्त को एशियन कल्चर, उद्यान विज्ञान, संगीत (सितार), समाजशास्त्र एवं सांख्यिकी तथा 13 अगस्त को वाणिज्य एवं गृह विज्ञान विषयों के अभ्यर्थियों का इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी 29 जून 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना इंटरव्यू एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी साक्षात्कार उच्च न्यायालय में लंबित विशेष अपील संख्या-368/2026 (हरविंदर सिंह व अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य) तथा उच्चतम न्यायालय में लंबित विशेष अनुज्ञा याचिका डायरी संख्या-23758/2026 (धीरज चंदानी बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य) में पारित आदेशों के अंतिम निर्णय के अधीन होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page