Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 07 जून । कोतवाली क्षेत्र के गांव गुरसौटी में एक युवक पर घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला किया गया। इस मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

गुरसौटी निवासी कुलदीप सिंह पुत्र हरपाल सिंह ने सादाबाद कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 4 जून की शाम करीब 6 बजे गांव के कैलाश चंद्र पुत्र मिहिलाल, विनेश पुत्र कैलाश चंद्र, नितिन पुत्र महेश चंद्र और करण पुत्र महेश चंद्र लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ उनके घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। कुलदीप के अनुसार, जब उनके भाई योगेश ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों भाइयों के साथ मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से उनके सिर पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। मारपीट में उनके शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें लगी हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और घायल भाइयों को बचाया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि जाते समय आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और घर में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया। इस घटना को गांव के कई लोगों ने देखा है और कुछ लोगों ने मौके की वीडियो भी बनाई है। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page