
हाथरस 07 जून । मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने रविवार को जनपद के विभिन्न प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बिसावर के निरीक्षण के दौरान डॉ. धर्मेन्द्र कुमारी सिंह (एमओसीएच), जयकिशन (फार्मासिस्ट) एवं रेखा (स्टाफ नर्स) उपस्थित मिलीं। केन्द्र पर साफ-सफाई एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। औषधि कक्ष के निरीक्षण में बताया गया कि ईडीएल के अनुसार 195 के सापेक्ष सभी 195 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध हैं। निरीक्षण के समय तक 15 मरीजों की ओपीडी हो चुकी थी, जबकि प्रतिदिन 40 से 45 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। प्रसव कक्ष में वार्मर अक्रियाशील पाए जाने पर उसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्टाफ नर्स को एनसीडी स्क्रीनिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बिलारा के निरीक्षण में डॉ. अनिल कुमार वर्मा (चिकित्साधिकारी), शान्तनु शुक्ला (फार्मासिस्ट) एवं आशा-संगिनी उपस्थित मिले। निरीक्षण तक 37 मरीजों की ओपीडी दर्ज की जा चुकी थी। दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा में पाया गया कि 195 के सापेक्ष केवल 145 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध हैं। इस पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने ड्रग वेयरहाउस से शेष दवाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही एआरवी इंजेक्शन का डोज चार्ट दीवार पर चस्पा करने तथा गर्मी के मौसम को देखते हुए मरीजों के लिए ओआरएस युक्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुरसण्डा के निरीक्षण के दौरान डॉ. जगदीश (बीएचएमएस) एवं पारस बाबू (फार्मासिस्ट) उपस्थित मिले। यहां निरीक्षण के समय तक 33 मरीजों की ओपीडी हो चुकी थी। केन्द्र पर 171 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध होने की जानकारी दी गई, जिस पर शेष दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुरसण्डा को पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाने तथा आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए भी निरीक्षण किया और बताया कि केन्द्र को शीघ्र पूर्ण रूप से संचालित किया जाएगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ऊंचागांव के निरीक्षण के दौरान डॉ. सुमित चौहान (चिकित्साधिकारी), राजीव कुमार गर्ग (फार्मासिस्ट) एवं जितेन्द्र कुमार (वार्ड बॉय) अनुपस्थित पाए गए। हालांकि केन्द्र पर साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। निरीक्षण के दौरान बच्चों को लगाए जाने वाले एचपीवी वैक्सीन अभियान की जानकारी ली गई तथा प्रसव कक्ष की स्थिति भी संतोषजनक पाई गई। औषधि कक्ष में 195 के सापेक्ष 170 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध मिलीं, जिस पर शेष दवाओं को ड्रग वेयरहाउस से तत्काल प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मरीजों के लिए समुचित व्यवस्था एवं ओआरएस युक्त पेयजल उपलब्ध कराने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए वार्ड बॉय जितेन्द्र कुमार के संबंध में स्पष्टीकरण प्राप्त करने हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सादाबाद के चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का उद्देश्य आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


























