
हाथरस 28 जून । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनपद हाथरस के समग्र एवं संतुलित विकास को नई गति देते हुए 54804.86 लाख रुपये (548.04 करोड़ रुपये) की लागत वाली 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई और अन्य जनकल्याणकारी सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। मुख्यमंत्री ने 55 परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जिनकी कुल लागत 29961.15 लाख रुपये है, जबकि 88 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, जिन पर 24843.71 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में विकास को नई दिशा मिलने के साथ आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों को मिली बड़ी सौगात
विधानसभा हाथरस में 21 परियोजनाओं (10622.24 लाख रुपये) का लोकार्पण तथा 30 परियोजनाओं (10414.00 लाख रुपये) का शिलान्यास किया गया। सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में 20 परियोजनाओं (12173.41 लाख रुपये) का लोकार्पण तथा 29 परियोजनाओं (7994.65 लाख रुपये) का शिलान्यास किया गया। सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र में 14 परियोजनाओं (7165.50 लाख रुपये) का लोकार्पण तथा 29 परियोजनाओं (6435.06 लाख रुपये) का शिलान्यास किया गया।
प्रमुख परियोजनाएं
मुख्यमंत्री द्वारा जिन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया, उनमें प्रमुख रूप से—
- मथुरा-सादाबाद-जलेसर-अवागढ़ राज्य मार्ग का 29.25 किमी सुदृढ़ीकरण (43.98 करोड़ रुपये)
- हाथरस-जलेसर मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण (36.98 करोड़ रुपये)
- राजकीय पॉलिटेक्निक, लोधीपुर देवरी पट्टी, सिकंदराराऊ का निर्माण (19.91 करोड़ रुपये)
- सासनी-नानऊ मार्ग का चौड़ीकरण (18.96 करोड़ रुपये)
- मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय (बिसावर) का निर्माण (23.97 करोड़ रुपये)
- सासनी-अकराबाद मार्ग का चौड़ीकरण (23.70 करोड़ रुपये)
- पीबी मार्ग (एनएच-530बी) से हसायन मार्ग का चौड़ीकरण (20.85 करोड़ रुपये)
- जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करना (14.32 करोड़ रुपये)
- राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सादाबाद भवन निर्माण (10.49 करोड़ रुपये)
- प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरदिलनगर का निर्माण
- कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास (सिकंदराराऊ) का निर्माण
- साइबर थाना प्रशासनिक भवन का निर्माण
- एमएमआईटी पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण
- सिंचाई विभाग के आवास एवं कार्यालयों का पुनर्निर्माण
- विभिन्न ग्रामीण संपर्क मार्गों, पुल-पुलियों तथा सिंचाई परियोजनाओं का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण।
विकास को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक जिले का संतुलित एवं सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ धरातल पर उतारने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से हाथरस में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और नागरिकों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण की भावना के साथ कार्य कर रही है तथा हाथरस को दी गई यह विकास परियोजनाओं की सौगात जिले को विकास के नए आयाम स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस दौरान सदस्य उ0प्र0 राज्य महिला आयोग रेनू गौड़, पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा प्रेम सिंह कुशवाहा, जिलाध्यक्ष लोकदल श्याम चौधरी, जिलाध्यक्ष अपना दल रवि सारस्वत समेत मण्डलायुक्त संगीता सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, एसपी चिंरजीव नाथ सिन्हा, सीडीओ पीएन दीक्षित समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।























