Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन) 02 जून । कोतवाली क्षेत्र के गांव जगदेवपुर में अज्ञात चोरों ने एक किसान के खेत से सिंचाई के लिए लगी आठ हार्स पावर की डीजल पंप ट्रॉली चोरी कर ली। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह उस समय हुई जब किसान अपने खेत पर पहुंचा और वहां पंप ट्रॉली गायब मिली। पीड़ित किसान ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई एवं चोरी गई ट्रॉली की बरामदगी की मांग की है। गांव जगदेवपुर निवासी सत्य प्रकाश एवं अरविंद कुमार पुत्र राजबहादुर ने बताया कि उनकी मूंग की फसल खेत में खड़ी हुई है, जिसकी सिंचाई के लिए मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना के अंतर्गत प्राप्त डीजल पंप ट्रॉली खेत पर लगाई गई थी। सोमवार को पंप ट्रॉली खेत पर छोड़ने के बाद जब मंगलवार सुबह वह खेत पहुंचे तो पंप ट्रॉली गायब मिली। इससे उन्हें चोरी की आशंका हुई। घटना की सूचना तत्काल गांव के वन्य जीव एवं पशु प्रेमी अमन जादौन को दी गई, जिन्होंने डायल-112 और कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम एवं कोबरा मोबाइल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। पीड़ित किसानों का कहना है कि खेती के लिए उपयोग में लाई जा रही यह डीजल पंप ट्रॉली उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण थी। इसके चोरी हो जाने से सिंचाई कार्य प्रभावित हो गया है और फसल को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अधिकांश मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले कुछ समय में बस्तोई, पिछौंती, नगला रति, सिहोरी, करारमई, नगरिया पट्टी देवरी, रामनगरिया, छीतूपुर हरिनगर और जगदेवपुर सहित कई गांवों में चोरी की वारदातें हुई हैं, जिनका अब तक संतोषजनक खुलासा नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा पीड़ित किसानों को जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page