Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 जून ।भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश, जनपद हाथरस के तत्वावधान में भीषण गर्मी के बीच राहगीरों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर, सासनी गेट चौराहा पर शरबत प्याऊ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन जिला मुख्य आयुक्त एवं जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश के दिशा-निर्देशन में तथा जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) धीरेन्द्र प्रताप सिंह की देखरेख में किया गया। शिविर के दौरान स्काउट स्वयंसेवकों ने राहगीरों, श्रमिकों, रिक्शा चालकों एवं अन्य जरूरतमंद लोगों को मीठा एवं शीतल जल वितरित किया। भीषण गर्मी में इस सेवा कार्य से लोगों को काफी राहत मिली और उन्होंने स्काउट संगठन के इस प्रयास की सराहना की। इस अवसर पर जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने सेवा कार्य में लगे स्काउट्स का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने युवाओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। शिविर में भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश के आजीवन सदस्य पवन कुमार पाठक, पूर्व जिला प्रवक्ता माध्यमिक शिक्षक संघ एवं ट्रेनिंग काउंसलर विमल कुमार, हिमांशु गुप्ता सहित स्काउट स्वयंसेवक प्रियांक, नीरज कुमार, चंद्र प्रकाश और गौरव कुमार का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में राहगीरों ने शीतल जल ग्रहण कर आयोजनकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। स्काउट एवं गाइड के इस सेवा भाव से समाज में मानवता और परोपकार का संदेश भी प्रसारित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page