
हाथरस 01 जून । उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ हाथरस के तत्वावधान में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) स्वाति भारती के स्थानांतरण पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। बीएसए कार्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने बीएसए के कार्यकाल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वाति भारती का हाथरस में बिताया गया कार्यकाल अत्यंत ऐतिहासिक और प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने कभी भी शिक्षकों को खुद से अलग नहीं समझा, बल्कि हमेशा एक सच्चे अभिभावक की तरह विभागीय और व्यक्तिगत स्तर पर उनका मार्गदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों की जायज समस्याओं का समयबद्ध और त्वरित निस्तारण करना उनकी कार्यशैली का मुख्य हिस्सा रहा। अंतर्जनपदीय स्थानांतरण, पदोन्नति और वेतन विसंगतियों जैसे बेहद जटिल मामलों को उन्होंने जिस पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ सुलझाया, वह पूरे विभाग के लिए अनुकरणीय और सराहनीय है।
विदाई की घड़ियों में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्वाति भारती भी अपने संस्मरण साझा करते हुए बेहद भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि हाथरस में बिताया गया समय उनके राजकीय सेवाकाल के सबसे खूबसूरत और यादगार पन्नों में से एक रहेगा। उन्होंने भावुक मन से कहा, “यहाँ के शिक्षकों ने विभागीय प्राथमिकताओं, विशेषकर ‘निपुण भारत मिशन’ और ‘कायाकल्प योजना’ को धरातल पर उतारने में जो अभूतपूर्व सहयोग दिया है, उसे मैं जीवन में कभी नहीं भूल सकती। मुझे इस बात का हमेशा गर्व रहेगा कि मुझे हाथरस में ऐसी कर्मठ, अनुशासित और समर्पित शिक्षक टीम के साथ काम करने का अवसर मिला।”
कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा निवर्तमान बीएसए स्वाति भारती को शॉल ओढ़ाकर, फूलों का बुके देकर और एक भव्य स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस ऐतिहासिक विदाई समारोह में मुख्य रूप से योगेंद्र कुमार शर्मा, यतेंद्र पाठक, अरुण शर्मा, शशि कुलश्रेष्ठ, वीरेंद्र सिंह, मंत्री नितेश वार्ष्णेय, गोविंद रावत, भगवानदास यादव, अमित पचौरी, गौरव पचौरी, राघवेन्द्र गुप्ता, अमित शर्मा, जितेंद्र कौशल, नरेश मीणा सहित संगठन के तमाम पदाधिकारी, शिक्षक और शिक्षा विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भारी संख्या में उपस्थित रहे।

























