
हाथरस 31 मई । उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित महिला संविदा परिचालक भर्ती शिविर में उच्च शिक्षित महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शुक्रवार को बस स्टैंड परिसर में आयोजित शिविर में कुल 35 महिलाओं ने आवेदन जमा किए, जिनमें बड़ी संख्या में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं बीएड डिग्रीधारी महिलाएं शामिल रहीं। भर्ती शिविर में रोजगार की तलाश कर रहीं महिलाओं ने संविदा परिचालक पद को बेहतर अवसर मानते हुए आवेदन किया। प्राप्त आवेदनों में 10 महिलाएं ऐसी भी रहीं, जिन्होंने स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएशन) की शिक्षा प्राप्त की है। वहीं कई अभ्यर्थियों ने बीएड जैसी व्यावसायिक डिग्री हासिल करने के बावजूद रोजगार के सीमित अवसरों के चलते रोडवेज में नौकरी के लिए आवेदन किया। परिवहन निगम के इस प्रयास को महिला रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। भर्ती शिविर के दौरान महिलाओं ने उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता दर्ज कराई और चयनित होकर परिवहन विभाग से जुड़ने की इच्छा व्यक्त की। हाथरस डिपो प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की जांच की जाएगी। पात्र अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में शामिल कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि परिवहन निगम महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और भविष्य में भी इस प्रकार के भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे।


























