Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ) 30 मई । क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के कारण बाधित हुई विद्युत आपूर्ति लगभग 40 घंटे बाद पूरी तरह बहाल कर दी गई। विद्युत विभाग की टीमों ने लगातार मरम्मत कार्य करते हुए टूटे हुए पोलों और क्षतिग्रस्त उपकरणों को दुरुस्त किया।अवर अभियंता धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि कस्बा क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे बहाल कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि कस्बे की ओर जाने वाली विद्युत लाइन में कोई भी विद्युत पोल क्षतिग्रस्त नहीं हुआ था, जिसके कारण वहां आपूर्ति जल्द शुरू कर दी गई।

वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में तेज आंधी और बारिश के चलते करीब 16 विद्युत पोल टूट गए थे तथा पांच ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त होकर फुंक गए थे। इसके चलते कई गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। विभाग द्वारा युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराते हुए टूटे हुए पोलों को बदला गया और ट्रांसफार्मरों की मरम्मत एवं प्रतिस्थापन का कार्य किया गया। अवर अभियंता ने बताया कि शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे तक ग्रामीण क्षेत्र के सभी फीडरों की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। हालांकि गांव करकौली में अभी तीन टूटे हुए पोल लगाए जाने का कार्य जारी है। वहां अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि करकौली एवं आसपास के गांवों में भी शनिवार शाम तक स्थायी रूप से विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। विभाग की टीम लगातार मौके पर कार्य कर रही है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page