Hamara Hathras

Latest News

 सिकन्दराराऊ 30 मई । नगर के राजकमल पब्लिक स्कूल, सिकंदराराऊ में समर कैंप का भव्य शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं यशपाल सिंह चौहान पुत्र विशनदयाल ने फीता काटकर समर कैंप का उद्घाटन किया। इस अवसर पर दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक अजीत सिंह चौहान, प्रेरणा चौहान तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि यशपाल सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को नई गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में आयोजित इस विशेष समर कैंप में विद्यार्थियों के लिए 20 से अधिक रोमांचक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया है। इनमें जिप लाइन, रोप एक्टिविटीज, बर्मा ब्रिज, कमांडो क्रॉसिंग, वाटर रोलर, जोरबिंग बॉल, माउंटेन बाइक राइडिंग, रेन डांस, फोम पार्टी और पपेट शो प्रमुख आकर्षण रहे। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में साहस, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास किया जा रहा है। विशेष रूप से रेन डांस और फोम पार्टी ने बच्चों को गर्मी से राहत देने के साथ भरपूर मनोरंजन प्रदान किया, जबकि जिप लाइन, बर्मा ब्रिज और कमांडो क्रॉसिंग जैसी गतिविधियों ने विद्यार्थियों को रोमांच का अनुभव कराया। वहीं पपेट शो के माध्यम से बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ नैतिक एवं सामाजिक संदेश भी दिए गए। समर कैंप के समापन अवसर पर एक विशेष अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय के मैनेजर राजकुमार सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें कक्षा के बाहर सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। वहीं विद्यालय की मैनेजमेंट डायरेक्टर श्रीमती नीलम सिंह ने बताया कि समर कैंप 21 मई से 30 मई तक आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस शिविर के माध्यम से बच्चों का मानसिक तनाव कम होगा और वे नई ऊर्जा एवं बेहतर प्रदर्शन के साथ अपनी पढ़ाई की ओर अग्रसर होंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा। अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने समर कैंप की सराहना करते हुए इसे यादगार अनुभव बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page