Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 मई । कोतवाली क्षेत्र में कार और नकदी हड़पने के आरोप को लेकर एक महिला की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया है। न्यायालय में दाखिल प्रार्थना पत्र के अनुसार रक्षा गौड़ पुत्री मोहन प्रकाश गौड़ निवासी नगला हेमा, थाना हाथरस गेट ने आरोप लगाया है कि उनकी परिचित मान्या सहानी पत्नी मनीष सहानी निवासी सराय मरियम किला गेट, थाना कोतवाली हाथरस, उनके पति मनीष सहानी तथा मान्या के रिश्तेदार पुष्पेंद्र कुमार निवासी कोटला गली थाना दक्षिण, फिरोजाबाद ने मिलकर धोखाधड़ी की। शिकायतकर्ता के अनुसार पुष्पेंद्र कुमार ने अपनी मां की बीमारी का हवाला देते हुए 10 से 13 सितंबर 2024 के बीच ऑनलाइन और नकद माध्यम से कुल पांच लाख रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि आरोपितों ने 15 दिन में पूरी धनराशि लौटाने का भरोसा दिया था। बाद में 30 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच कुल 1 लाख 49 हजार 500 रुपये वापस किए गए, लेकिन शेष 3 लाख 50 हजार 500 रुपये नहीं लौटाए गए। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि 5 अक्टूबर 2024 को रक्षा गौड़ अपनी बहन श्वेता गौड़ के साथ मान्या सहानी के घर पहुंचीं। वहां तीनों आरोपितों ने मां के इलाज के लिए बार-बार किराये की गाड़ी लेने में अधिक खर्च होने की बात कहकर कुछ समय के लिए श्वेता की कार मांग ली। विश्वास में आकर कार दे दी गई और जल्द रुपये एवं कार लौटाने का आश्वासन दिया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो रुपये लौटाए गए और न ही कार वापस की गई। विरोध करने पर आरोपितों ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज एवं अनुबंध पत्र तैयार कर कार और रुपये हड़पने का प्रयास किया। रक्षा गौड़ ने बताया कि उन्होंने पहले थाना कोतवाली में शिकायत की थी लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद न्यायालय की शरण लेने पर कोर्ट के आदेश से पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page