Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 26 मई । क्षेत्र के मढ़नई गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति और उसकी दो बेटियों पर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में व्यक्ति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी ओमवीर सिंह पुत्र दरियाब सिंह मंगलवार सुबह अपने पशुओं के लिए चारा लेने जा रहे थे। रास्ते में कुछ नामजद आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने ओमवीर सिंह के साथ गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में ओमवीर सिंह के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।ओमवीर सिंह पर हमले का शोर सुनकर परिवार की महिलाएं और उनकी बेटियां मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि बीच-बचाव करने आईं ओमवीर सिंह की बेटियां उमा उर्फ हेमलता और प्रेमलता के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सादाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने ओमवीर सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल प्रेमलता ने पुलिस को बताया कि यह हमला पुरानी रंजिश के कारण हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने मारपीट की है, उन्होंने पहले ओमवीर सिंह के भाई की हत्या भी की थी। प्रेमलता के अनुसार, इसी पुरानी घटना को लेकर आरोपी पक्ष उनके परिवार से रंजिश रखता है और ओमवीर सिंह व उनके पुत्र को लगातार जान से मारने की धमकी देता रहता है। घटना के बाद गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि घायलों का मेडिकल करा दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page