Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 मई । चिरंजीव नाथ सिन्हा पुलिस अधीक्षक हाथरस द्वारा महिला का लगभग तीन लाख रुपये मूल्य का खोया हुआ सोने का हार खोजकर लौटाने वाले प्रशिक्षु आरक्षी विवेक कुमार एवं पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। घटना 24 मई 2026 की है। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के कमला बाजार में कुल्फी खाने आई माधुरी गर्ग पत्नी नवल किशोर गर्ग निवासी पुराना बर्फखाना, थाना कोतवाली नगर, हाथरस का भीड़भाड़ के बीच अचानक सोने का हार कहीं गिर गया। हार गुम होने की जानकारी मिलते ही महिला एवं उनके परिजन घबरा गए और बाजार में काफी देर तक तलाश करते रहे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सूचना प्राप्त होते ही थाना कोतवाली नगर पर तैनात प्रशिक्षु आरक्षी विवेक कुमार एवं पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ खोजबीन शुरू की। दोनों पुलिसकर्मियों ने आसपास के दुकानदारों एवं लोगों से जानकारी जुटाई तथा पूरे क्षेत्र में लगातार तलाश अभियान चलाया। अथक मेहनत एवं सजगता के चलते महिला का बहुमूल्य सोने का हार सुरक्षित अवस्था में बरामद कर लिया गया। आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने महिला को उनका कीमती हार सकुशल वापस सौंप दिया। अपना खोया हुआ हार वापस पाकर महिला एवं उनके परिजनों के चेहरे पर खुशी और राहत साफ दिखाई दी। परिजनों ने हाथरस पुलिस की ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा की भूरि-भूरि प्रशंसा की। वहीं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने दोनों पुलिसकर्मियों के इस सराहनीय एवं जनहितकारी कार्य की प्रशंसा करते हुए प्रशिक्षु आरक्षी विवेक कुमार एवं पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सराहनीय कार्य आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करने वाला साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page