Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 मई। चंदपा क्षेत्र के गांव मीतई में 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मीतई गांव निवासी प्रिंस पुत्र सुखबीर शुक्रवार रात अपने एक रिश्तेदार के मकान में सोने गया था। उसके साथ वहां एक अन्य युवक भी मौजूद था। शनिवार सुबह प्रिंस को मकान में मृत अवस्था में देखा गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में युवक को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची हाथरस पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page