Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 25 मई । कस्बे के वार्ड नंबर दो में पिछले लगभग दो महीने से भीषण पेयजल संकट गहराया हुआ है। पाइप लाइन में पानी न आने और अधिकांश हैंडपंप खराब होने के कारण स्थानीय लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। कई परिवारों को पीने का पानी खरीदना पड़ रहा है, जबकि कुछ लोग आसपास के निजी समरसेबलों से पानी भरकर अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं। इस समस्या को लेकर आज लोगों ने खाली बर्तन लेकर प्रदर्शन किया। आज पानी की किल्लत से परेशान महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने नगर पंचायत के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर पंचायत प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलापूर्ति सुचारु नहीं की गई, तो वे नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वार्ड के औलिया मस्जिद क्षेत्र, डॉ. अब्बासी गली, जाटव बस्ती, मोहल्ला पोखर वाला और बीच वाला मोहल्ला सहित कई इलाकों में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुबह होते ही घरों के बाहर खाली बाल्टी, डिब्बे और अन्य बर्तन रख दिए जाते हैं, ताकि कहीं से भी पानी मिलने पर उसे भरा जा सके। वार्ड दो के सभासद नासिर खान ने बताया कि क्षेत्र के अधिकांश हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं। नगर पंचायत में कई बार शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन अधिकारियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने यह भी बताया कि वार्ड में अधिकतर गरीब वर्ग के लोग रहते हैं, जिनके सामने पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। महिलाओं और बच्चों को दूर-दूर जाकर पानी भरना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों की मांग है कि खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराई जाए और पेयजल पाइपलाइन में नियमित आपूर्ति शुरू की जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। भीषण गर्मी में पानी की समस्या ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है और नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जलकल इंचार्ज विदित यादव ने बताया पेयजल पाइपलाइन में पंप वालों के कारण आगे पानी नहीं जा पा रहा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page