Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 मई। संस्कृति, संगीत और कला के प्रति बच्चों की रुचि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज से मुरसान गेट वसुंधरा एंक्लेव कॉलोनी,  446 फ्लैट मार्ग स्थित मां शारदे म्यूजिकल क्लासेज पर भव्य समर कैंप का शुभारंभ हुआ । कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ भक्तिमय वातावरण में हुई। आयोजकों ने बताया कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं की प्रतिभा को निखारना और उन्हें छुट्टियों के समय का सदुपयोग करते हुए कला एवं संगीत से जोड़ना है। कैंप में बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। समर कैंप में नृत्य, गायन एवं वाद्य यंत्रों की विशेष कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। बच्चों को वेस्टर्न एवं क्लासिकल डांस की विभिन्न शैलियों के साथ कीबोर्ड, गिटार, ऑक्टोपैड, ढोलक, तबला, हारमोनियम और कांगो जैसे वाद्य यंत्रों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा स्वर एवं संगीत की बारीकियों को सिखाने के लिए विशेष गायन कक्षाओं का भी आयोजन किया गया है। समर कैंप की प्रभारी व्यवस्थापिका कुमारी नेहा ने बताया कि आज के डिजिटल युग में यह कैंप बच्चों को मोबाइल और स्क्रीन से दूर रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को प्रत्येक कला की बारीकियां सिखाई जाएंगी। कैंप के पहले ही दिन बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं स्थानीय अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का मानसिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक विकास होता है। इस अवसर पर संगीत आचार्य दिनेश कुमार कुशवाहा, बिंदु गॉड, चित्रांगना कौशिक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page