
हाथरस 20 मई। स्थित प्राचीन मंदिर श्री दाऊजी महाराज किला में पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के अवसर पर पूरे वर्ष में मनाए जाने वाले प्रमुख धार्मिक उत्सवों का आयोजन विशेष रूप से भव्य स्वरूप में किया जाएगा। मंदिर के सेवायत पंडित प्रमोद चतुर्वेदी (पोई गुरु) एवं हेमंत चतुर्वेदी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि अधिक मास को अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है और इस दौरान प्रतिदिन झांकी दर्शन एवं संकीर्तन का आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि धार्मिक आयोजनों की शुरुआत 22 मई 2026 को बलदेव छठ के अवसर पर होगी। इस दिन श्री दाऊजी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में अभिषेक, फूल बंगला एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके अगले दिन 23 मई को श्री राधाष्टमी महोत्सव के अवसर पर श्री रेवती मईया का अभिषेक, मनमोहक झांकी दर्शन एवं भजन-कीर्तन आयोजित होंगे। 27 मई को एकादशी महोत्सव पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष फूल बंगला सजाया जाएगा। वहीं 31 मई को पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर छप्पन भोग, फूल बंगला, महाआरती एवं संकीर्तन का आयोजन होगा। 11 जून को पुरुषोत्तम एकादशी पर भक्तगणों के लिए विशेष होली महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 14 जून को बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर श्री दाऊजी महाराज एवं रेवती मईया के आकर्षक श्रृंगार दर्शन एवं भजन-कीर्तन होंगे। 15 जून को देव दीपावली महोत्सव पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में 1100 दीपों का दीपदान किया जाएगा तथा भव्य श्रृंगार दर्शन और संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। मंदिर सेवायतों ने बताया कि इन प्रमुख आयोजनों के अतिरिक्त अधिक मास के दौरान प्रतिदिन भगवान के विशेष झांकी दर्शन एवं भजन-कीर्तन होंगे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर भगवान श्री दाऊजी महाराज के दर्शन करें और इन पावन आयोजनों में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित करें।


























