
हाथरस 18 मई । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहे मथुरा निवासी युवक और उसके परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की और फरसे से कार पर वार कर दिया। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केशवदेव शर्मा पुत्र हरप्रसाद शर्मा, निवासी राधा कृष्ण बस्ती, गोपाल बाग, कोसीकलां ने थाना हाथरस गेट में दी तहरीर में बताया कि वह 16 मई को हाथरस की भट्टा वाली गली में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। देर रात समारोह से लौटते समय कंचन नगर में अनिल नेताजी के घर के पास उनकी गाड़ी को रोक लिया गया। पीड़ित के अनुसार कालू और टीटू निवासी कंचन नगर अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया। एक आरोपी ने फरसे से उनकी गाड़ी पर वार किया। हमले के दौरान परिवार के लोग घबरा गए और चीखने-चिल्लाने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिन्हें आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से परिवार दहशत में है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर कालू, टीटू और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, गाली-गलौज और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।





















