
हाथरस 18 मई । मुख्य विकास अधिकारी, हाथरस के निर्देश पर 13 मई 2026 को जनपद के विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) और दूध वितरण की गुणवत्ता जांचने के लिए आठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई। अधिकारियों ने कुल 40 विद्यालयों का निरीक्षण किया, जिसमें 23 विद्यालयों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान संविलियन विद्यालय कुम्हरई तथा प्राथमिक विद्यालय नगला खिरनी में मध्यान्ह भोजन का वितरण नहीं किया गया। वहीं प्राथमिक विद्यालय महौ नंबर-1 में न तो एमडीएम वितरित किया गया और न ही छात्रों को फल दिए गए। इसके अतिरिक्त 20 विद्यालयों में फल वितरण नहीं होने की शिकायत सामने आई। इनमें प्राथमिक विद्यालय बाघऊ, भिलोखरी, खेड़ा चतुर्भुज, नगला अखई, परसारा, सिकंदरपुर, गढ़ी दूधारी, ग्वारऊ कलां, दरकई, ककोड़ी, मुहब्बतपुरा, नवलगढ़ी, बरवाना, कुण्डा, मान महो और नगला अहीर सहित अन्य विद्यालय शामिल हैं। साथ ही उच्च प्राथमिक विद्यालय परसारा, ककोड़ी और कुण्डा तथा संविलियन विद्यालय जाफराबाद में भी फल वितरण नहीं किया गया। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विद्यालयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के पोषण से जुड़े कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

























