
मथुरा 18 मई । आधुनिक तकनीकी शिक्षा और रोजगारपरक कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए Rajiv Academy for Technology and Management तथा Delhi Institute of Digital Marketing के बीच तीन वर्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस सहयोग के तहत छात्र-छात्राओं को एआई आधारित डिजिटल मार्केटिंग, नवीन तकनीकी जानकारी और इंडस्ट्री ओरिएंटेड स्किल्स का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। एमओयू पर राजीव एकेडमी के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना तथा देहली इंस्टीट्यूट ऑफ डिजिटल मार्केटिंग के प्रोजेक्ट हेड सिद्धार्थ जैन ने हस्ताक्षर किए। समझौते के अंतर्गत समय-समय पर कॉलेज परिसर में सेमिनार, वर्कशॉप और वेबिनार आयोजित किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को डिजिटल मार्केटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्राप्त होगी। इसके साथ ही इच्छुक छात्रों के लिए विशेष स्किल डेवलपमेंट कोर्स भी संचालित किए जाएंगे। निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि यह साझेदारी विद्यार्थियों को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आधुनिक उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में सहायक सिद्ध होगी। वहीं प्रोजेक्ट हेड सिद्धार्थ जैन ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य “अर्न व्हाइल लर्न” मॉडल के माध्यम से छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण और इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे पढ़ाई के साथ-साथ अपने कौशल का भी विकास कर सकें। इस अवसर पर राजीव एकेडमी के सीआरसी हेड डॉ. विकास जैन तथा देहली इंस्टीट्यूट ऑफ डिजिटल मार्केटिंग के हेड ट्रेनिंग डिलीवरी एंड प्लेसमेंट वैभव शर्मा साक्षी के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. विकास जैन ने बताया कि यह एमओयू आगामी तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगा और दोनों संस्थान संयुक्त रूप से छात्र-छात्राओं के कौशल विकास तथा डिजिटल शिक्षा को नई दिशा देंगे। आर.के. एज्यूकेशन हब के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल और प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल ने इस अनुबंध की सराहना की। डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने कहा कि शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ उद्योगों के अनुरूप व्यावहारिक जानकारी देना समय की आवश्यकता है। इस समझौते से विद्यार्थियों का कौशल निखरेगा और उन्हें तकनीकी क्षेत्र में बेहतर करियर बनाने में मदद मिलेगी।























