Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 17 मई । कस्बे के मोहल्ला नयागंज स्थित एक निजी अस्पताल में रात इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद परिजनों और समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान अस्पताल में तोड़फोड़ की गई और कुछ युवकों के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई। सूचना मिलते ही संजय कुमार, अमित पाठक तथा कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी एक युवक शनिवार को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा था। प्राथमिक उपचार और दवा देने के बाद वह घर लौट गया। आज सुबह उसकी तबीयत दोबारा बिगड़ने पर परिजन उसे फिर अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अलीगढ़ रेफर करने की सलाह दी, लेकिन परिजनों ने स्थानीय स्तर पर ही उपचार जारी रखने का आग्रह किया। आज शाम लगभग आठ बजे इलाज के दौरान मरीज की मौत हो गई। मृतक की पहचान साबिर के रूप में हुई है। मौत की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे के दौरान नयागंज बाजार के कुछ युवकों के साथ मारपीट भी हुई, जिससे कई लोग घायल हो गए। अस्पताल संचालक डॉ. मिथिलेश वार्ष्णेय ने बताया कि मरीज के फेफड़े काफी कमजोर थे और उसकी हालत गंभीर थी। उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय टीम ने पूरा उपचार किया तथा समय रहते अलीगढ़ ले जाने की सलाह भी दी थी, लेकिन परिजन स्थानीय उपचार पर ही अड़े रहे। शिवकुमार शर्मा ने बताया कि भारी भीड़ की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। उन्होंने कहा कि यदि मृतक के परिजन चाहेंगे तो मृत्यु के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा। साथ ही मारपीट में घायल हुए युवकों का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page