
हाथरस (मुरसान) 16 मई । क्षेत्र के गांव भकरोई निवासी विधवा महिला जलदेवी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपने पुत्र को न्याय दिलाने की गुहार लगाते हुए सीबीआई -सीआईडी जांच की मांगी की है। महिला का आरोप है कि उसके पुत्र छोटेलाल उर्फ छुट्टन को थाना मुरसान में दर्ज मुकदमे में पुरानी रंजिश और पुलिस से सांठगांठ कर फर्जी हत्या के मामले में फंसाया गया है। महिला ने कहा कि घटना 8 फरवरी की दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है, जबकि उस समय उसका पुत्र हाथरस की खोंडा हजारी कॉलोनी स्थित टेंट गोदाम पर मैक्स पिकअप में सामान लोड कर रहा था। इसके सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध हैं, लेकिन अधिकारी उन्हें देखने और सत्यापित करने को तैयार नहीं हैं। पीड़िता ने हत्या में प्रयुक्त हथौड़े की फॉरेंसिक जांच कराने व मोबाइल लोकेशन सहित प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर निष्पक्ष जांच की मांग की है। महिला का कहना है कि उसका पुत्र पिछले तीन महीने से जेल में बंद है और परिवार न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है।























