Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 16 मई । सादाबाद क्षेत्र की एक विधवा महिला को फेसबुक पर भाई-बहन का रिश्ता बनाकर झांसे में लेने और लगभग नौ लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले सोशल मीडिया के माध्यम से महिला का विश्वास जीता, फिर अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन धनराशि मंगवाई और बाद में पांच लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर Cyber Crime Police Station ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सादाबाद क्षेत्र के गांव मई निवासी चंद्रवती, पत्नी स्वर्गीय जगन प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि लगभग सात माह पूर्व विपिन गुप्ता नामक व्यक्ति की फेसबुक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। इसके बाद उसने संदेश भेजकर एक फोटो साझा की और पूछा कि वह उसे बहन, दोस्त या प्रेमिका में किस रूप में स्वीकार करना चाहेंगी। महिला ने उसे भाई बनाने की बात कही, जिसके बाद आरोपी ने स्वयं को भाई बताते हुए लगातार संपर्क बनाए रखा।

पीड़िता के अनुसार विपिन गुप्ता दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से बातचीत करता था। धीरे-धीरे उसने महिला का भरोसा जीत लिया और आर्थिक सहायता के नाम पर धन मांगना शुरू कर दिया। शुरुआत में उसने 12 हजार रुपये लिए और बाद में विभिन्न बहानों से कई बैंक खातों में धनराशि ट्रांसफर कराई। महिला द्वारा उपलब्ध कराई गई ट्रांजेक्शन डिटेल के अनुसार आरोपी ने मनोज कुमार चौधरी, प्रवेश, पवन कुमार बेढ़ख, अशोक पासवान, राजबलम कुमार, मूसाखान साजिद खान, लालू कुमार गौड़ और मनीष ट्रेडर्स सहित कई खातों में रकम जमा कराई। मई और जून 2025 के दौरान अलग-अलग किश्तों में करीब चार लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इसके बाद आरोपी ने दो माह में पूरी रकम लौटाने का आश्वासन देकर पांच लाख रुपये नकद मांगे। पीड़िता ने आलू बिक्री से प्राप्त धनराशि को खंदौली में मुरारीलाल नामक व्यक्ति के साथ जाकर विपिन गुप्ता को सौंप दिया। नकद राशि लेने के बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और महिला का नंबर ब्लॉक कर दिया। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। साइबर सेल आरोपी के मोबाइल नंबर, बैंक खातों और वाहन नंबर के आधार पर जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से संबंध बनाते समय सावधानी बरतें और किसी भी परिस्थिति में बिना सत्यापन के धनराशि न भेजें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page